नौगांव में जनसेवा का मंच, बहुउद्देश्यीय शिविर में जिलाधिकारी द्वारा समस्याओं का मौके पर निस्तारण
Автор: उत्तरांचल उदय
Загружено: 2026-01-13
Просмотров: 8
Описание:
पौड़ी/14 जनवरी 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड बीरोंखाल की न्याय पंचायत नौगांव में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पहुँचने पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया का ग्रामीण महिलाओं द्वारा पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर महिलाओं और ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला, जिससे पूरे वातावरण में सहभागिता, विश्वास और उत्सव का भाव स्पष्ट रूप से झलकता नजर आया।
आयोजित शिविर में जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और संबंधित कर्मचारियों से योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। पंचायती राज, समाज कल्याण, वन, बाल विकास सहित अन्य विभागों के स्टाॅलों की प्रगति की सराहना करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि योजनाओं का क्रियान्वयन और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाया जाए। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा बालिका नवनीता को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई तथा बालिका यशिता का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया, जिससे सामाजिक परंपराओं के साथ शासन की संवेदनशील सोच का सुंदर संदेश प्रसारित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायती राज विभाग द्वारा निर्मित लर्निंग सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया और ग्राम प्रधान ओमपाल सिंह से संवाद कर केंद्र में उपलब्ध शैक्षणिक एवं तकनीकी सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने सीएससी केंद्र का भी निरीक्षण किया तथा डिजिटल सेवाओं के माध्यम से ग्रामीणों को मिल रहे लाभों की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों को इन सेवाओं से जोड़ने पर जोर दिया।
शिविर के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गहनता से सुना और कई मामलों में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए मौके पर ही समाधान की पहल की। आयुर्वेदिक अस्पताल में दवाइयों की कमी की शिकायत पर उन्होंने संज्ञान लेते हुए आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी से दवा उपलब्धता सुनिश्चित कराने को कहा। जोगीमढ़ी क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग को तत्काल स्थल निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए। वहीं जोगीमढ़ी से कालिंका मंदिर तक मोटर मार्ग निर्माण की मांग पर लोक निर्माण विभाग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को क्षेत्रीय आकलन कर उचित कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया। शिविर में दिव्यांग बालिका का प्रकरण आया, जिस पर जिलाधिकारी ने त्वरित रूप से संवेदनशीलता दिखाते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को मेडिकल बोर्ड के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण कर शत-प्रतिशत दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर लाभ देने को कहा।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर पक्की नाली निर्माण, विद्युत पोल से जुड़ी समस्याएं, बीरोंखाल पॉलिटेक्निक से कुणागाड़ मोटर मार्ग की स्थिति, सड़क मलबा खेतों में गिरने, धुमाकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रतीक्षालय निर्माण तथा मैठाणा गांव में विकास कार्यों से संबंधित शिकायतों पर जिलाधिकारी ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों से मौके पर स्थलीय निरीक्षण कर तत्काल आवश्यक समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता की सूचना मिलने पर उन्होंने वन विभाग से ट्रैप कैमरा एवं पिंजरा लगाने की त्वरित व्यवस्था करने को कहा। वहीं भूमि पर अवैध कब्जा, पशु क्षति के बाद मुआवजा न मिलना, मंदिर का क्षतिग्रस्त गेट, आपदा से मकान क्षति तथा आंगनबाड़ी केंद्र में एक्सपायर पोषण आहार वितरण जैसे मामलों में भी जिलाधिकारी ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए संबंधित अधिकारियों से मौके पर जाकर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की पहल पर जनपद की 115 न्याय पंचायतों में 18 दिसंबर से 18 मार्च तक बहुउद्देश्यीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिनका उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में दर्ज प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। नौगांव में आयोजित यह बहुउद्देश्यीय शिविर न केवल योजनाओं की जमीनी समीक्षा का माध्यम बना, बल्कि शासन-प्रशासन और ग्रामीण जनता के बीच मजबूत संवाद, विश्वास और सहभागिता का सशक्त उदाहरण भी प्रस्तुत करता नजर आया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नेहा नेगी, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी, नोडल अधिकारी एवं संभागीय परिवहन अधिकारी विमल पाण्डे, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, ग्राम प्रधान नौगांव ओमपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
Повторяем попытку...
Доступные форматы для скачивания:
Скачать видео
-
Информация по загрузке: